चिंतन का विज्ञान: देह के पार कृष्ण का अहसास
- चित्त और चिंतन: आत्मनिर्माण और चरित्र का मूल
- कर्म से परे चिंतन: जब गुरु और इष्ट ही बन जाएं हमारी धारा
- इंद्रियों से ईश्वर तक: चिंतन के परिष्कार की यात्रा
2. भूमिका (Bhoomika)
हमारे दिनभर के जीवन में हमारी देह निरंतर कोई न कोई कर्म कर रही होती है। लेकिन क्या जो हमारा शरीर कर रहा होता है, हमारा मन भी उसी पल वहीं उपस्थित होता है? कई बार हाथ काम कर रहे होते हैं, लेकिन हमारे भीतर एक बिल्कुल अलग ही दुनिया चल रही होती है। अध्यात्म की भाषा में इसी भीतर चलने वाली अदृश्य प्रक्रिया को 'चिंतन' कहा जाता है।
यह काव्य इसी 'चिंतन' के गूढ़ विज्ञान पर स्वयं कृष्ण के साथ हुआ एक बहुत ही अंतरंग संवाद है। यह उस मनःस्थिति से बहा है जहाँ स्थूल देह अपने नित्य-कर्मों में व्यस्त थी, परंतु भीतर का चिंतन पूरी तरह 'कृष्ण' के अहसास में डूबा हुआ था। यह स्पष्ट करता है कि हमारा जीवन और चरित्र हमारे बाहरी कर्मों से नहीं, बल्कि हमारे भीतर चल रहे चिंतन की दिशा और गहराई से बनता है।
यह केवल शब्दों की एक शृंखला नहीं है, बल्कि चित्त को प्रकाशित करने वाला एक मार्गदर्शन है। यह संवाद इस सत्य को उजागर करता है कि यदि हमारे चिंतन का केंद्र हमारे गुरु या हमारे इष्ट बन जाएँ, तो शबरी के बुहारी लगाने से लेकर जीवन के हर साधारण कर्म तक, सब कुछ दैवीय हो जाता है।
3. काव्य
Part 1: कर्म और चिंतन का भेद
चिंतन....
सारा खेल तो चिंतन का ही यहाँ...
क्या है ये चिंतन, सखा?
क्या है इसकी परिभाषा यहाँ?
चिंतन से चरित्र बनता, ऐसा क्यों कहा जाता?
चिंतन... किसका? इसी आधार पर चलता जीवन का कारवाँ।
ये तो हम सभी ने मानव देह में महसूस है किया।
मान लो देह से आप गाड़ी चला रहे हो या घर का कोई काम कर रहे हो,
लेकिन चिंतन कर रहे हो किसी अन्य महत्त्वपूर्ण कार्य का,
तो आपकी भावना उसके अनुरूप होती सदा,
ना कि उस कर्म के जो देह से उस पल हो रहा।
रोज़मर्रा के देह से होने वाले काम एक बार जो सीख लिया तो सीख लिया,
स्वचालित-संचालित होता वो सदा... Muscle memory कहते हैं इसे यहाँ।
और जो काम नहीं सीखे, उन पर तब तक गहरा ध्यान होता
जब तक एक करने न आ जाएँ।
इसे Focus कह सकते हैं यहाँ।
कई बार एकाग्रता (concentration) की भी आवश्यकता होती है इसमें।
दोनों के combination से output आता।
Part 2: चित्त की अवस्था और भटकाव
लेकिन चिंतन इनमें से कुछ नहीं।
चिंतन तो वो है
जो बहुत मज़े ले सकता है।
जो लोग जप करते हैं,
उन्हें आगे का उदाहरण समझेगा।
माला करते हुए सारा संसार याद आता... मतलब चिंतन भटक गया।
देह तो माला कर रही है,
मंत्र का उच्चारण भी है,
लेकिन चिंतन तो बीते पल के किसी आनंद में है,
या आने वाले पल की परिक्रमा कर रहा,
या किसी सुख-दुख में डूबा जा रहा...
तो माला हुई या नहीं, पता नहीं,
लेकिन चिंतन जहाँ है,
वो भाव अवश्य रंग लाएगा,
गोल-गोल घुमाएगा।
कान्हा, तुम बताओ ना चिंतन का खेल क्या?
कान्हा हँसा, बोला –
जो तन में रहते हुए भी
तन से परे रहता सदा,
जो तन से जन्म लेने वाली चिंता का कारण भी बन सकता, ध्यान न दिया गया तो यहाँ,
जो चित्त की अवस्था का आईना है यहाँ... इसलिए भी चिंतन कहा गया,
क्योंकि ये तन में रहकर होता है, इसलिए भी चित्त में चिंतन किसका रहता, इसका महत्व बहुत है यहाँ।
Part 3: चिंतन का जन्म और प्रभाव
चिंतन... चित्त-वृत्ति और निरोध में भी काम आता है, कृष्ण प्रिया,
ऐसा महर्षि पतंजलि ने भी कहा।
चिंतन को उत्कृष्ट दिशा, गति, धारा देने की प्रक्रिया को अध्यात्म कहते हैं मनीषी जन सदा...
अब चिंतन साधें कैसे? प्रश्न यही तो है ना यहाँ?
हमने कहा – नहीं मोहन,
ये तो जिज्ञासा का आधा भाग हुआ।
मूल प्रश्न तो ये है कि चिंतन का जन्म कहाँ से होता है यहाँ?
कान्हा बोला – ध्यान से देखो,
और सरलता से समझना चाहो
तो कह सकते हैं
कि चिंतन ही भाव और विचार का जन्मदाता सदा।
चिंतन, अवचेतन पर प्रभाव डालता है,
इसलिए चित्त को प्रकाशित रखने के लिए श्रेष्ठ और श्रेष्ठता का चिंतन करने को कहा गया।
Part 4: इंद्रियों का खेल और चिंतन की दिशा
इसका जन्म सहज है।
ये चिंतन देखा जाए तो सूचनाएँ देता है,
बुद्धि के विकास में भी सहायक है...
चिंतन... को आम बोलचाल में observe करना कह सकते हैं,
इससे कुछ मिलता-जुलता।
देखो, जन्म लेते ही बालक
कैसे सब सीखना शुरू करता है।
इंद्रियों ने जो देखा, सुना, महसूस किया... उसकी छवि जो भीतर बनी, उसी से भाव-विचार का जन्म हो रहा।
ये प्रक्रिया चिंतन का हिस्सा।
अब बालक का विवेक जागृत नहीं, तो माता-पिता जितनी सजगता से पालन करते हैं हर बात का –
बच्चा क्या देखेगा, क्या सुनेगा,
हर बात पर नज़र रखते माता-पिता।
ये माता-पिता का चिंतन संतान की ओर हुआ...
Part 5: कृष्ण-अहसास और लेखनी का प्रवाह
कुछ समझा क्या?
हमने कहा – थोड़ा-थोड़ा...
कान्हा बोला – वो कछवी की कहानी याद है,
जो अपने बच्चों का पालन-पोषण बस चिंतन से कर देती है,
बिना स्पर्श के, बिना छुए,
चिंतन से अंडे से बच्चे बाहर आ जाते वहाँ?
हाँ, याद है मोहन।
'वाङ्मय एक, युगदृष्टा' में पढ़ा,
जहाँ गुरुदेव समर्पण की परिभाषा समझा रहे थे, सखा।
कान्हा बोला – इस पल तेरा चिंतन कहाँ?
काव्य पर,
शब्दों पर,
लेखनी के Flow पर,
या कृष्ण पर...?
हमने कहा – बस कृष्ण के होने की तरंग पर, कृष्ण पर।
कृष्ण है, बस ये भाव चिंतन इस पल यहाँ...
कृष्ण के होने से क्या... इस पर भी नहीं, सखा।
कान्हा बोला – और इस चिंतन से काव्य बह रहा।
हमने कहा – हाँ...
क्योंकि काव्य स्वरूप से कृष्ण ही बह रहा।
Part 6: इष्ट-स्मरण से कर्म मुक्ति
कान्हा आगे बोला – तुझे अगली लाइन पता है क्या होगी यहाँ?
हमने कहा – नहीं सखा,
बस ये पता कि जो है, तुम हो सदा-सदा,
ना इसके आगे कुछ, ना पीछे यहाँ।
कन्हैया बोला – देह क्या कर रही?
हमने कहा – नित्य कर्म, सखा।
पेट की स्थिति तो तुम्हें पता सदा,
कहकर हँस दिया,
लेकिन देह की अवस्था का प्रभाव मन पर नहीं यहाँ।
तुमने पूछा तो समझा क्या हो रहा,
कान्हा बोला – लेकिन पढ़ने वालों का चिंतन भटकने की संभावना यहाँ... अब तक जो चिंतन काव्य पर था... वो काव्य से ज़्यादा इस पर जा सकता है कि देह क्या कर रही थी लिखने वाले की,
जबकि ये काव्य का इससे कोई लेना-देना नहीं यहाँ।
चिंतन काव्य पर होगा तो कृष्ण प्रकट होगा, स्वभाव होगा,
लेकिन चिंतन देह पर तो देह का स्वभाव ही पढ़ने वालों का स्वभाव होने की संभावना।
उसमें भी सही-गलत,
उचित-अनुचित का जाल तो नहीं बना?
मतलब चिंतन की धारा... क्या?
का भी पूर्ण प्रभाव होगा।
Part 7: गुरु और इष्ट की पूर्णता
इसलिए कहा जाता है
कि बस इष्ट का चिंतन करो सदा,
गुरु का सिमरन-चिंतन करो सदा,
क्योंकि इष्ट और गुरु
सही-गलत से परे हैं,
उचित-अनुचित की सीमा में नहीं बँधे हैं।
इसलिए इस श्रेष्ठ चिंतन के साथ भी भगवान महसूस हो सकते यहाँ।
शबरी को झाड़ू-बुहारी करते हुए राम मिल गए,
रैदास मोची होते हुए भी संत हो गए,
सदना कसाई के कर्म का उस पर कोई प्रभाव नहीं हुआ,
रसखान को भी कृष्णत्व का अनुभव जाति-वंश से परे जाकर हुआ...
इनके कर्म क्या थे, विचार कर।
कर्म का प्रभाव नहीं, चिंतन का प्रभाव हुआ यहाँ।
कंस ने तो कृष्ण को बस बुरा-भला कहा, लेकिन क्योंकि कृष्ण इस सबसे मुक्त तो उन्हें भी कृष्ण-तत्त्व में विलय होने का सौभाग्य मिला।
Part 8: सत्संकल्प और गायत्री-बल
चिंतन, मानव जीवन की नींव सदा...
इंद्रियों का इसमें महत्व बहुत है,
क्योंकि Information ये इंद्रिय ही देती हैं,
और उसी के आधार पर विज़ुलाइज़ेशन होती है,
वहीं से चिंतन अच्छा या बुरा होता,
इसी का चित्त पर प्रभाव पड़ता।
देख, मैंने सरल भाषा में बताया,
क्या तुझे समझ आया?
हाँ सखा, आया तो...
तुमने सच्ची ही सरल कर दिया।
इसलिए कहती हैं आनंदमयी माँ –
याद रखने योग्य बस इष्ट सदा,
हरि कथा, कथा,
बाकी सब व्यथा और वृथा।
गुरुदेव ने तो चिंतन पर बहुत बल दिया सदा।
सारे दिन का चिंतन क्या, ये सोचो बार-बार, ऐसा कहा।
सत्संकल्प का 3 और 4 इसी की व्याख्या यहाँ...
"मन को कुविचारों और दुर्भावनाओं से बचाए रखने के लिए स्वाध्याय एवं सत्संग की व्यवस्था रखे रहेंगे।"
"इन्द्रिय-संयम, अर्थ-संयम, समय-संयम और विचार-संयम का सतत अभ्यास करेंगे।"
Part 9: दैवीय चिंतन और चरित्र-निर्माण
कान्हा बोले – जी कृष्ण प्रिया,
ईश्वर जो महसूस बस चिंतन के आधार पर किया जाता,
और चिंतन की दिशा-गति-धारा गुरु या इष्ट के हाथ हो तो फिर सब आनंद ही आनंद हो जाता।
इसलिए इंद्रियों को उचित इन्फॉर्मेशन दो सदा।
ग्रहण करने योग्य क्या, ये तो सबको पता, लेकिन जीने की शक्ति गायत्री से मिलती सदा।
तो अपने इष्ट का ध्यान करके,
सविता का ध्यान करके,
गुरु-चरणों का ध्यान करके,
जिसमें भी विश्वास रुकता है,
उनका ध्यान करके
गायत्री जप करो सदा।
चिंतन स्वयं दैवीय होने लगेगा,
और चिंतन शुद्ध-पवित्र हुआ
तो चरित्र स्वयं बन जाएगा।
और चरित्र में सब कुछ समा जाता – आपका गुण, कर्म, स्वभाव सब यहीं से बनता-बिगड़ता सदा...
Part 10: परचिंतन से परे समर्पण
तो अब तो समझ गईं,
या और विस्तार चाहिए भावना का...?
हमने कहा – हम तो समझ गए मोहन,
और विश्वास है सब महसूस भी करेंगे, और संकल्प लेंगे
कि अपने चिंतन को बस गुरु और इष्ट पर केंद्रित करेंगे,
परचिंतन से सदा बचेंगे
और बस हरि कथा करेंगे।
इसी के साथ सब कर्म स्वयं होने लगेंगे,
कर्म करने से होने पर आएगा,
तो चिंतन में मोहन स्थिर हो जाएगा।
कान्हा हँसने लगा,
बोला – चल अब थोड़ा और कर्म करे मोहन इस देह से क्या?
हमने कहा – करो जो करना, सखा,
ये देह तो तुम्हारी ही है सदा-सदा।
राधे राधे शारदे जगज्जननी जगदंबा
1:59 PM
16 June 2026
4. आध्यात्मिक सारांश
- शरीर जो स्वचालित कर्म (Muscle Memory) करता है और भीतर जो भाव चलता है, वे दोनों भिन्न हैं। जीवन का वास्तविक कारवाँ केवल हमारे भीतर के 'चिंतन' पर आधारित होता है।
- हमारा चरित्र हमारे बाहरी कर्मों से नहीं, बल्कि हमारे चिंतन की पवित्रता से बनता है। चिंतन ही भाव, विचार और अंततः अवचेतन का जन्मदाता है।
- हमारी इंद्रियाँ जो सूचना ग्रहण करती हैं, उसी के आधार पर चिंतन पनपता है। इसलिए स्वाध्याय, सत्संग और विचार-संयम से इंद्रियों को सही दिशा देना अनिवार्य है।
- जब चिंतन गुरु या इष्ट पर केंद्रित हो जाता है, तो साधारण लौकिक कर्म (जैसे सदना कसाई या शबरी के कर्म) भी भगवत्प्राप्ति का मार्ग बन जाते हैं।
- यदि माला जपते हुए भी संसार का विचार आए, तो देह तो कर्म कर रही है परंतु 'चिंतन' भटक रहा है; और भटका हुआ चिंतन आध्यात्मिक उन्नति नहीं दे सकता।
- गायत्री जप और सविता का ध्यान हमारे भीतर उस शक्ति का संचार करता है जो हमारे चिंतन को दैवीय और चरित्र को शुद्ध बना देती है।
5. समापन
अध्यात्म का सारा सार देह को साधने में नहीं, बल्कि 'चिंतन' को साधने में छिपा है। हम जीवन भर इस उलझन में रहते हैं कि हमारे कर्म हमें कहाँ ले जाएँगे, जबकि हमारा गंतव्य इस बात से तय होता है कि कर्म करते समय हमारा चित्त कहाँ ठहरा हुआ है। जब चित्त की सुई कृष्ण, गुरु या इष्ट पर आकर टिक जाती है, तो कर्म करने का बोझ मिट जाता है और स्वयं ईश्वर हमारे माध्यम से सब कुछ करने लगते हैं।
यदि इस काव्य-संवाद को पढ़ते हुए आपको भीतर कोई ठहराव महसूस हो, तो अपने आज के चिंतन पर अवश्य दृष्टि डालिए। पर-चिंतन और व्यर्थ की चिंताओं को छोड़कर, बस अपने इष्ट के ध्यान में स्थिर हो जाइए। क्योंकि जब चिंतन कृष्णमय हो जाता है, तो पूरी देह और समूचा अस्तित्व ही ईश्वरीय लीला का साधन बन जाता है।
6. चिंतन बिन्दु:
- "सारा खेल तो चिंतन का ही यहाँ... चिंतन से चरित्र बनता।"
- "जो तन में रहते हुए भी, तन से परे रहता सदा।"
- "चित्त को प्रकाशित रखने के लिए श्रेष्ठ और श्रेष्ठता का चिंतन करने को कहा गया।"
- "कर्म का प्रभाव नहीं, चिंतन का प्रभाव हुआ यहाँ।"
- "याद रखने योग्य बस इष्ट सदा, हरि कथा, कथा, बाकी सब व्यथा और वृथा।"
- "चिंतन स्वयं दैवीय होने लगेगा, और चिंतन शुद्ध-पवित्र हुआ तो चरित्र स्वयं बन जाएगा।"
- "कर्म करने से होने पर आएगा, तो चिंतन में मोहन स्थिर हो जाएगा।"

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें