महाकाल की पुकार: राधा नाम जप से जाग्रत चेतना और युगनिर्माण का दिव्य आह्वान

काव्य (Kavya)
राधा नाम का अखंड जप चल रहा है,
ऐसा लग रहा है मानो सब कुछ बदल रहा है।
ये बदलाव बाहर है या नहीं,
लेकिन भीतर मानो महाकाल आमूलचूल परिवर्तन कर रहा है।
हर अंतःकरण जो इस जप में स्थूल, सूक्ष्म, कारण, भाव, विचार से लगा है,
मानो उसे प्रेम से प्रेम का संरक्षण मिल रहा है।
एक ऐसा दैवीय प्रेम,
जो सदा साथ रहेगा,
क्योंकि ये प्रेम आत्मा का प्रकाश बनकर भीतर-बाहर स्थान ग्रहण कर रहा है।
यूं तो आत्मा स्वयं प्रकाशित है,
लेकिन ये अखंड जप,
मानो सबकी चेतना में उस सुप्त प्रेम को जगा रहा है,
जो परमपूज्य गुरुदेव के युगनिर्माण का आधार रहा है।
ये प्रेम साधारण नहीं,
ये गायत्री माँ की गोद से होकर राधा नाम से भीतर-बाहर के ब्रह्मांड को भरता हुआ,
मानो हर ओर कृष्ण का जागरण कर रहा है।
आदिगुरु और जगतगुरु का स्नेह-आशीष हर ओर बरस रहा है।
गुरुदेव कहते रहे—
हमारे भीतर इतना प्रेम अमृत है,
जैसे गौ माता के थनों में भरा रहता है।
और गौमाता जब तक बछड़े को पिला नहीं लेती,
रंभाती रहती है, संतान को पुकार लगाती रहती है।
लेकिन फिर भी वो दूध बस बछड़े को पिलाती है,
किसी कुत्ते को थन से मुँह नहीं लगाने देती।
इसका ये अर्थ नहीं कि वो इस योनि से प्रेम नहीं करती,
लेकिन माँ समझती है
कि इस योनि को ये दूध पचेगा नहीं,
इसमें भी वो मंगल ही सोचती है उस कुत्ते का सदा ही।
ऐसे ही गुरुदेव माँ,
जाग्रत जीवंत आत्माओं का आवाहन करते हैं सदा,
क्योंकि उनमें उन्हें अपना बछड़ा दिखाई पड़ता,
जो सहज इस अमृत का पान भी कर सकते हैं, पचा भी सकते हैं
और दूध का कर्ज अदा भी कर सकते हैं..
लेकिन यहाँ नर-पशुओं की बात गुरुदेव नहीं करते,
वो जो मानव देह में तो हैं,
लेकिन मानवता भूल गए हैं।
मोह, आसक्ति, स्वार्थ रूपी पिशाच उन्हें घेरे हुए हैं,
और वो उस पिशाच प्रवृत्ति को स्वीकार कर चुके हैं।
उससे बाहर ही नहीं आने की चाह रखते हैं।
अपना-पराया सोचकर लड़ते-मरते हैं।
उनसे तो बस महाकाल इतना ही कह सकते हैं—
कि जाग जाओ,
नया युग आ रहा है,
सवेरा होने को है,
संधिबेला का समय है।
ऐसे में ये नर-पिशाच बनकर रहना उचित नहीं है।
आत्मजागृति ही एक मात्र मानव देह का लक्ष्य और उद्देश्य है,
तो इस दिशा में कदम बढ़ाओ।
ये महाकाल सदा तुम्हारे संग है।
रोज स्वाध्याय करो, साधना-उपासना में समय दो,
माँ गायत्री की गोदी में बैठकर अमृतपान करो।
दूसरे क्या करते हैं इस सोच से मुक्त होकर
अपने मानव होने को सार्थक करो।
पर जो जाग चुके हैं...
उनसे महाकाल पुकार करते हैं,
आव्हान करते हैं,
कहते हैं—
ये एक जीवन मेरे नाम करो।
अब तुम बस युगधर्म के लिए जियो
और युगधर्म का विस्तार करो।
ये समय दोबारा नहीं मिलेगा,
जब प्रज्ञावतार तुम्हारे भीतर से प्रकट होने की संभावना रखता है..
मेरे बच्चों, आओ,
युगसंधि की इस वेला में,
पूर्ण समर्पण से चलने का अभ्यास-प्रयास करो।
विलय और विसर्जन की ऊर्जा के भाव रखो।
तुम्हारा गुरु अनंत जन्म से तुम्हारे साथ है
और आगे अनंत जन्म तक साथ होगा सदा।
तुम अपनी माताजी के वात्सल्य पर विश्वास करो,
उनके प्रेम का पल-पल अहसास करो।
तुम शूरवीर हो, साहसी हो,
संघर्ष को सहज अंगीकार करो।
संघर्ष से तुम मत डरो।
महाकाल अपनी चाल से चल रहा है,
तुम महाकाल के दूत हो—इसका आभास करो।
महाकाली इस युग की दिव्य देव-ऊर्जा है,
महाकाली का विस्तार प्रेम से हो रहा है।
तुम अपने भीतर के सद्गुरु का जागरण करो
और आवरण से अनावश्यक दैहिक, स्वार्थी भावनाओं की धूल उतारकर पग धरो।
तुम मेरे ग्वाल-बाल हो,
रीछ-वानर हो,
जामवंत, हनुमान हो।
तुम स्वयं के स्वयं का त्याग करो,
और फिर जो बचे, उस पर स्वयं विश्वास करो।
मेरे बच्चों, तुम मेरी पुकार सुनो,
इसे अनसुनी ना करो।
तुम मेरे थे, मेरे हो, मेरे ही रहोगे—
इस अहसास को अब पूर्ण रूप से जीने लगो।
युगनिर्माण की मशाल अपने हाथों में थाम लो,
इसकी प्रेम-अग्नि से अपने हृदय को भरो।
ये प्रचंड प्रेम का दैवीय दिव्य वेग है,
तुम इस प्रेम से बने मेरे ब्रह्मास्त्र हो।
अब मुझे तुम्हें धारण करने दो,
और स्वयं को ढीला छोड़ दो,
ताकि इस ब्रह्मास्त्र का प्रयोग हो सके।
तुम बस इस भाव की गहराई को अपने भीतर भरो,
आओ, अब नए युग के सृजन में गतिशील बनो।
तुम्हारी गति में ही हूँ।
तुम सब मुझ पर छोड़कर,
बस प्रेम से, प्रेम के आधार पर
कर्म करो।
प्रेम के विस्तार में सहभागी बनो,
ये मौका फिर नहीं आएगा।
तुम्हारा जन्म ही इस समय में इसलिए हुआ
कि तुम महाकाल के ही अंश हो।
अब अपने जन्म लेने के उद्देश्य को पूर्ण करो।
तुम जाग्रत हो, ऐसे कैसे मूर्छित रह सकते हो?
अब अपनी इस मिथ्या मूर्छा को उतार दो
और युगनिर्माण, नए युगधर्म के लिए स्वयं को वार दो।
महाकाल की पुकार
जाग्रत आत्माओं से अपील
चेतना का प्रेम विस्तार
9:12 AM
25 March 2026
संक्षिप्त सारांश
यह काव्य राधा नाम के अखंड जप के माध्यम से चेतना के जागरण और महाकाल के आह्वान को दर्शाता है।
यह बताता है कि सच्चा प्रेम और आत्मजागृति ही युगनिर्माण का आधार है।
जाग्रत आत्माओं को अपने जीवन को युगधर्म के लिए समर्पित करने का संदेश दिया गया है।
यह एक दिव्य पुकार है—जो आत्मा को उसके वास्तविक कर्तव्य की ओर ले जाती है।
आध्यात्मिक चिंतन बिंदु
राधा नाम का जप चेतना में सुप्त प्रेम को जाग्रत करता है
सच्चा प्रेम ही युगनिर्माण का आधार है
आत्मजागृति ही मानव जीवन का मुख्य उद्देश्य है
महाकाल का आह्वान जाग्रत आत्माओं के लिए है
समर्पण और सेवा ही युगधर्म का पालन है
प्रेम ही सबसे शक्तिशाली दिव्य ऊर्जा है
समापन
यह काव्य केवल एक रचना नहीं, बल्कि महाकाल की जीवंत पुकार है।
यह हमें हमारे वास्तविक स्वरूप और उद्देश्य की याद दिलाता है।
जो जाग चुके हैं, उनके लिए यह आगे बढ़ने का संकेत है।
और जो सोए हैं, उनके लिए यह जागने का आह्वान है।
“जागो… तुम केवल जीव नहीं, महाकाल के ब्रह्मास्त्र हो!”
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें