मौन क्या है वास्तव में? सखा(कृष्ण) के भावों में छिपा आत्मिक शांति और आनंद का सत्य

भूमिका
यह काव्य “मौन” के वास्तविक अर्थ को उजागर करता है—एक ऐसा मौन जो केवल शब्दों का अभाव नहीं, बल्कि भीतर के गहन आनंद और शांति का अनुभव है।
सखा के माध्यम से यह संदेश मिलता है कि मौन कोई क्रिया नहीं, बल्कि एक अवस्था है—जहाँ मन, चाह और अहंकार सब विलीन हो जाते हैं।
यह काव्य हमें भीतर झांकने, अपने मौन को पहचानने और उसे सच्चे अर्थों में जीने की प्रेरणा देता है।
यह केवल पढ़ने का नहीं, बल्कि अनुभव करने का निमंत्रण है।
काव्य
सखा बार-बार भाव से अलग कुछ लिखना चाह रहे हैं,
क्या हम समझ तो नहीं पा रहे?
लेकिन बार-बार सखा लेखनी उठाने लगे,
बोले—आज सच्चे मौन का अर्थ बताना है, सखी।
उसकी बड़ी ज़रूरत है री।
तू मत सोच, सखा क्या लिखेगा।
तेरे भीतर से सखा एक बार में 1000 काम भी कर सकता।
तो भाव जो चल रहा है, वो भी रहेगा।
भजन का आनंद भी रहेगा।
और सखा लेखनी से मौन पर बह भी जाएगा।
स्वयं का स्वयं, कृपा से सब कान्हा का है।
लेखनी चलने लगी...
सखा बोला—जान ले, सभी मौन में एक दिव्य शक्ति छुपी हुई है।
लेकिन चुप होने का अर्थ मौन नहीं।
आपको बोलने का कॉन्फिडेंस नहीं, इसलिए आप बोले नहीं—
इसका अर्थ भी मौन नहीं।
बाहर से लगातार बोलने वाला भी उसी एक क्षण में भीतर मौन अनुभव कर सकता है।
मौन कोई कर्मकांड नहीं।
मौन कोई क्रिया नहीं।
मौन को कहीं से खरीदा नहीं जा सकता।
मौन एक अभ्यास है।
लेकिन क्या मौन का मूल भाव है.....
आपको किसी ने सुना नहीं,
और आपने उनसे और सबसे मौन लिया—असल में अहम को पोषण दिया।
माना भीतर कोई दुख नहीं हुआ,
लेकिन सुख भी नहीं इस मौन में छुपा हुआ।
मौन एक आनंद है।
आपने उस आनंद को खो दिया,
क्योंकि आपका मौन इसलिए है कि कोई आपको सुनने वाला नहीं हुआ......
आने वाले मोड़ पर कोई मिल जाए जो सुन लेगा,
तो आहत हृदय का ये मौन भी छूट चलेगा।
आपने मौन लिया कि कहने का कोई लाभ नहीं, कोई समझेगा नहीं...
तो भी मौन नहीं, क्योंकि मूल भाव में चाह छुपी रह गई।
कल को कोई समझने वाला मिलेगा,
तो मौन एक पल में बिखर जाएगा।
मौन के सही स्वरूप को अनुभव करना अब होगा।
मौन एक आनंद है,
जो हर क्षण, हर-हर पल है।
मौन एक गहरा शांत समुद्र है,
जहाँ बाहर लहरें हर पल हैं।
मौन, एक शांति, एक सुकून, एक तृप्ति है,
जहाँ भीतर कोई चाह ही नहीं रही है।
उस परम से मानो मुलाकात हो गई है।
अब सब कुछ उसके हिसाब से होता ही है।
जो हो रहा है, वो हो रहा है।
उससे कोई लेना-देना नहीं है।
क्योंकि ये जीवन तो चलचित्र है, इसमें अनेक भूमिकाएँ मिली हैं।
लेकिन हम वो भूमिका निभा रहे हैं,
वो भूमिका हम नहीं हैं।
हम तो सुख-दुख से परे,
आनंद से भरे,
धारणा से मुक्त—
किसी को देखकर भी नहीं देख पा रहे हैं,
जानकर भी नहीं जान पा रहे हैं,
सभी को सुनकर भी किसी को नहीं सुन पा रहे हैं,
सभी को अनुभव करके भी हर अनुभव से मुक्त।
कितना कुछ बोलकर भी मानो कुछ बोला ही नहीं,
साँसें लेकर भी मानो साँस ली ही नहीं।
हर साँस से अपने इष्ट का मौन नाम दोहरा रहे हैं,
हर क्षण मात्र अपने इष्ट में विलय होते जा रहे हैं।
तब समझो हम मौन की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।
लेकिन अभी जिसे हम मौन मान बैठे हैं,
वो मौन नहीं है।
कहीं-न-कहीं अपनी आहत भावनाओं पर मिथ्या मौन का मलहम लगा रहे हैं,
और इसे सहज स्वीकार भी नहीं कर पा रहे हैं।
सखा ना जाने किसे इस प्रेम-भाव गीत से क्या समझा रहे हैं,
हम तो मौन हैं भीतर, और बाहर से सखा यूँ बहते जा रहे हैं।
पक्का सखा किसी के हृदय में जगह बना रहे हैं,
किसी को कुछ समझा रहे हैं।
एक मात्र भाव-प्रार्थना—
सखा जिनसे इतना प्रेम करते हैं,
वो सखा के प्रेम को समझें, अनुभव करें,
और सखा से एकरूप सखा की इच्छा से हो चलें।
हम तो मात्र कृष्ण-कृष्ण गा रहे हैं,
और सभी के चरण में नमन है सदा-सदा।
जिनके लिए सखा ने मौन की इस दिव्यता को लिखा,
इसका आनंद क्या ही बताएं—
जिसने कृपा से जिया, वही जान सका।
असली मौन बाहर से देखने में स्थूल नेत्र को कई बार मौन नहीं लगता,
लेकिन जो इस आनंद-रस को पी रहा, वो केशव का है सदा-सदा।
उसे उससे कौंहु अंतर नहीं पड़ता कि किसने क्या समझा,
क्योंकि भीतर का प्रेम मौन इष्ट-चिंतन में इस कदर डूबा होता है कि और कुछ नहीं अनुभव होता.....
मात्र सखा, सखा, सखा, सखा, सखा।
मैं तो बांके की बाकी बन गई और बांका बन गया मेरा।
क्या ही दिव्य भाव-भजन इस काव्य के साथ हृदय ने सुना...
8:10 AM
15 July 2023
संक्षिप्त सारांश
यह काव्य सच्चे मौन के वास्तविक अर्थ को स्पष्ट करता है।
मौन केवल चुप रहने का नाम नहीं, बल्कि भीतर के आनंद, शांति और तृप्ति की अवस्था है।
जब चाह, अपेक्षा और अहंकार समाप्त हो जाते हैं, तभी सच्चा मौन जन्म लेता है।
यह अवस्था व्यक्ति को इष्ट में विलीन कर देती है, जहाँ सब कुछ होते हुए भी कुछ भी नहीं होता।
आध्यात्मिक चिंतन बिंदु
मौन चुप रहना नहीं, बल्कि भीतर का आनंद अनुभव करना है
जहाँ अपेक्षा है, वहाँ सच्चा मौन नहीं है
मौन कोई क्रिया नहीं, बल्कि एक आंतरिक अवस्था है
इष्ट-चिंतन में डूबा मन स्वाभाविक मौन में प्रवेश करता है
मिथ्या मौन और सच्चे मौन के बीच अंतर पहचानना आवश्यक है
सच्चा मौन अहंकार को नहीं, आत्मा को पोषित करता है
समापन
यह काव्य हमें सिखाता है कि मौन को बाहर नहीं, भीतर खोजने की आवश्यकता है।
जब हम अपने इष्ट में विलीन हो जाते हैं, तब शब्द स्वतः शांत हो जाते हैं।
यही सच्चा मौन है—जहाँ कुछ कहने की आवश्यकता ही नहीं रहती।
और वहीं से जीवन का वास्तविक आनंद प्रारंभ होता है।
“सच्चा मौन शब्दों का नहीं, भीतर के पूर्ण आनंद का नाम है…”
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें