गुरुवार, 12 मार्च 2026

"जब कृष्ण बोले — “तुझे गले लगाने के लिए मुझे तुझे अपने हृदय से बाहर करना होगा”

कृष्ण का आलिंगन — जब भक्त समझे कि वह पहले से ही भगवान के हृदय में है


भूमिका (Bhoomika) 

भक्ति में कई बार साधक की सबसे सरल इच्छा भी एक गहन आध्यात्मिक सत्य को प्रकट कर देती है। एक साधारण सा भाव — कृष्ण से गले लगने की चाह — अचानक एक ऐसी अनुभूति में बदल जाता है जहाँ भक्त समझता है कि वह पहले से ही कृष्ण के हृदय में है।

यह काव्य उसी प्रेम संवाद का चित्रण है, जहाँ सखा कृष्ण और उनकी सखी के बीच प्रेम, तड़प, हास्य और गहन आध्यात्मिक सत्य एक साथ प्रकट होते हैं।


काव्य

जाने क्या हुआ
कान्हा की एक फोटो देख ली
उसमें गले लगी है उनके एक सखी
और बस मन में तड़प उठी।

कान्हा, ये सखी भले ही AI से बनी,
लेकिन किसी की तो ये अक्स होगी।
जिसकी भी है उसके सौभाग्य को नमन सदा ही।

लेकिन हमें भी चाहिए ऐसा एक Hug अभी।
और चाहिए तो बस चाहिए।
अब बोलो, कैसे करोगे तड़प ये पूरी।

सारा दिन आगे पीछे रहते हो,
ढेरों बातें बनाते हो।
प्रेम से कितने सारे सबक सिखाते हो।

रूठ जाएँ तो मनाते हो।
मौका लग जाए तो बहुत चिढ़ाते हो।

कान्हा, तुम हर तरह से, हर अदा से हमें बहुत भाते हो।

प्रेम भी तरह-तरह से जताते हो।
अपने होने का अहसास भर-भर के करवाते हो।
हमें पता है तुम हमें हमसे ज़्यादा चाहते हो।

अब बोलो, ऐसे गले लगाते हो
या बस मौन खड़े इतराते हो।

कान्हा, बहुत तेज मन है ऐसे तुम्हारे गले लगने का।
देखो हमें पता…
हमारे करने से ये नहीं होगा।
और तुम चाहो तो एक पल में होगा।

कान्हा हँसकर बोला —

अरे सखी…
तू बावली हो गई री।

गले तो मैं पल भर में लगा लूँगा,
कोई दिक्कत नहीं।

लेकिन बस एक बात बता…

गले लगाने के लिए
मुझे तोहे अपने हृदय से बाहर करना होगा।

तब कहीं जाकर ऐसा वाला आलिंगन होगा।

तोहे हृदय से अलग करूँगा
तो मैं तो री सखी रो पड़ूँगा।

अब बता…
ये तोरा केशव करे तो करे क्या।

हम तो बस मौन हो गए
एकदम ही यहाँ।

ये मोहन ने क्या कह दिया…
जो भी हो, दिल चुरा लिया।

मेरा दिल फिर चुरा लिया।

तेरी बाँकी अदा ने मोहन
मुझे और थोड़ा तेरा बना दिया।

हम तेरे दिल में रहते हैं,
इससे बड़ा सौभाग्य कहाँ।

भक्तों के दिल में उनके भगवान बसते हैं — ये सुना था…
लेकिन भगवान भी अपने बच्चों को, भक्तों को, दीवानों को यूँ अपने दिल में रखते हैं —
इसका अहसास तुमने मोहन दे दिया।

कान्हा बोला…

भक्तों के दिल में भगवान बसते हैं — ये सत्य है।
लेकिन तेरे जैसे कहाँ बार-बार मिलते हैं।

जो हृदय के स्थान पर इष्ट को रखते हैं।
हृदय बिना जीने तैयार हैं,
लेकिन इष्ट बिना जिनके प्राण नहीं चलते हैं।

और फिर ये प्रेम दीवाने
इष्ट का नाम अकारण रटते हैं…
राधा राधा, कृष्ण कृष्ण करते हैं।

इष्ट के होने से इनके प्राण चलते हैं।
इसलिए इनके इष्ट ही इन देहों से जीने लगते हैं।

आवरण से ये साधारण दिखाई पड़ते हैं,
लेकिन अंतःकरण से इष्टमय हो जाते हैं।

क्योंकि इनके इष्ट ही
इनके हर कर्म का कारण और परिणाम होते हैं।

और ऐसे प्रेमी असाधारण होते हैं।

अपने हृदय में अपने इष्ट को स्थान देना
बहुत सुंदर ध्यान है सदा।

लेकिन हृदय ही इष्ट को दे देना,
हृदय के स्थान पर इष्ट को बैठा देना —

ये ध्यान नहीं…
स्वयं का पूर्ण समर्पण कहलाता है।

और कहने को ये किसी के लिए एक कल्पना,
भावना या धारणा हो सकती है…

लेकिन जो इस धारणा को पूरा जी ले,
श्रद्धा और विश्वास ही उसकी भक्ति होती है।

और ऐसी भक्ति में अनंत शक्ति होती है।

ये भक्ति बस प्रेम के आधार पर प्रकट होती है।

ये भक्ति कोई भी जी सकता है।

लेकिन इसमें बस एक ही बात होती है —

जब हृदय ही नहीं होगा,
हृदय के स्थान पर कृष्ण होगा,

तो न कोई इच्छा होगी न चाहत होगी।

न चाहा यहाँ…

कृष्ण ही चाहा और चाहत सदा।

और फिर कृष्ण जो चाहे, वही चाहा।

और आज कृष्ण ही
वो आलिंगन की चाहा बनकर उभरा था,
ताकि ये काव्य बह सके यहाँ।

इस देह का सत्य असत्य कृष्ण देख लेगा।

इसलिए इस भाव काव्य का आधार बस इतना —

कि इसमें आपको
आपकी भक्ति भावना को गहरा करने के लिए कुछ मिला।

तो प्रेम से कहो राधा राधा राधा।

नहीं मिला, लेकिन आपने पूरा पढ़ा —

तो भी आपको आभार ढेर सारा सदा।

क्योंकि आपने
कृष्ण प्रेम चिंतन रस अमृत को चखा।

और चखा
तो असर तो होगा ही —ये तय रहा यहाँ।

और बाकी तो सब बस राधा राधा राधा राधा।

यहाँ तो बस सब मौन हो गया।

लगा मानो कृष्ण में विलय हो गई
इस पल चेतना।

गले लगाने का मन था कान्हा,
तुमने तो पूरा स्वयं में समा लिया।

और ये बस तुम ही कर सकते हो सखा।

अपने प्रेम से
निहाल कर देते हो सदा।

और जो रह जाता है वो बस हो जाता है

राधा राधा और राधा यहाँ।

कान्हा ने मुस्कुरा दिया
और मानो कसकर गले लगा लिया।

हमने भी इस पल का आनंद उठा लिया।

और आपने आनंद उठाया क्या?
आपने राधा राधा गाया क्या?

जो भी हो…

इस भाव काव्य को पढ़कर
आपने ब्रह्मांड में
कृष्ण प्रेम ऊर्जा का विस्तार किया।

आप सबके लिए ढेर सारा
राधा राधा राधा सदा।

6।15 AM
13 March 2026


संक्षिप्त सारांश

यह काव्य भक्त और भगवान के प्रेम संवाद को प्रकट करता है। एक साधारण इच्छा — कृष्ण से आलिंगन पाने की — अंततः एक गहरे आध्यात्मिक सत्य को उजागर करती है कि सच्चा भक्त पहले से ही भगवान के हृदय में स्थित होता है। यह प्रेम, समर्पण और अद्वैत भक्ति की अनुभूति का काव्य है।


आध्यात्मिक चिंतन बिंदु

• सच्ची भक्ति में भक्त और भगवान के बीच दूरी नहीं रहती।

• जब साधक अपने हृदय में इष्ट को नहीं बैठाता, बल्कि हृदय का स्थान ही इष्ट को दे देता है, तब वही समर्पण की सर्वोच्च अवस्था बन जाती है।

• प्रेम आधारित भक्ति में तर्क नहीं, अनुभव और श्रद्धा ही मार्गदर्शक बनते हैं।

• कृष्ण भक्ति में राधा नाम प्रेम चेतना का प्रतीक बन जाता है।

• सच्चा साधक अंततः अपने अस्तित्व को इष्ट में विलीन कर देता है।


समापन

जब प्रेम इतना गहरा हो जाए कि भक्त अपने हृदय को ही इष्ट को समर्पित कर दे, तब साधना का अर्थ बदल जाता है। वहाँ इच्छा नहीं रहती, केवल समर्पण और प्रेम का प्रवाह रहता है। यही कृष्ण-भक्ति की परम अवस्था है।

राधे राधे शारदे जगतजननी जगदंबा 🌸






कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

कृष्ण-संवाद: क्या है चिंतन का वास्तविक स्वरूप?

चिंतन का विज्ञान: देह के पार कृष्ण का अहसास चित्त और चिंतन: आत्मनिर्माण और चरित्र का मूल कर्म से परे चिंतन: जब गुरु और इष्ट ही बन जाएं हम...