मंजिल की नहीं, ईश्वर को चाहने की यात्रा
- दृष्टिकोण का परिवर्तन: अनजानी अड़चन और हरि स्मरण
- भीतर का समाधान: स्थूल रुकावट और सूक्ष्म की शक्ति
2. भूमिका (Bhoomika)
जीवन के प्रवाह में कई बार ऐसी अनजानी और अनकही रुकावटें आ जाती हैं, जिनका कोई स्पष्ट कारण या समाधान बाहर दिखाई नहीं देता। ऐसा लगता है मानो सहज बहती हुई नदी पर अचानक कोई बांध बंध गया हो, और सब कुछ एक ठहराव में अटक कर रह गया हो। यह काव्य एक ऐसी ही रुकी हुई मनःस्थिति और उससे उपजने वाले गहरे आत्म-मंथन से बहा है।
यह रचना एक 'तिनके' (एक साधारण साधक या देह) की यात्रा है, जो गुरु रूपी नदी में बह रहा है। जब यह तिनका एक अदृश्य अड़चन पर आकर रुक जाता है, तो वह बाहर सिर मारने या अपने भाग्य को कोसने के बजाय अपना दृष्टिकोण बदलता है। वह यह स्मरण करता है कि वह अब भी उसी 'गुरु-नदी' में है, और यही उसका सबसे बड़ा सौभाग्य है। यह काव्य सिखाता है कि जब बाहर कोई रास्ता न दिखे, तो भीतर की ओर मुड़ना ही एकमात्र उपाय है।
यह केवल एक कविता नहीं है, बल्कि एक बहुत ही सूक्ष्म और गहरा आध्यात्मिक समाधान है। यह उस क्षण का गवाह है जहाँ 'मंजिल' तक पहुँचने की हड़बड़ी समाप्त हो जाती है और केवल 'इस पल' में गुरु के सान्निध्य और ईश्वर को 'चाहने' का विशुद्ध आनंद शेष रह जाता है।
3. काव्य
Part 1: अनकही रुकावट और तिनके का प्रश्न
पता नहीं भीतर क्या चल रहा
किसी से कुछ कहने का मन नहीं यहाँ
क्योंकि कहें क्या
जब पता नहीं है क्या....
लेकिन एक अनकहा भारी पन है...एक अनकही सी रुकावट है जो बहने नहीं दे रही
तिनका बहता है और बस बहता है....लेकिन यदि नदी पर कोई बांध बंध जाए
उसके रास्ते कोई ऐसे अनजानी अनकही रुकावट आ जाए जिससे सिर मारना बेकार हो यहाँ
तो तिनका क्या करेगा?
क्या वो बैठकर अपने भाग्य को रोयेगा
या ये स्मरण करेगा
के वो अभी भी गुरु रूप नदी में बह रहा
और जिस प्रकार नदी समुद्र तक पहुंच ही जाती है
ये शरणागत तिनका भी हरि शरण हो ही जाएगा
Part 2: दृष्टिकोण का परिवर्तन और मंगलकारी सोच
बशर्ते इस पल को समझ ले
महसूस कर ले
अगर तिनका इस अचानक आने वाली रुकावट पर ध्यान देगा
तो निश्चित रूप से अन्नत जन्म यही बैठा रहने की संभावना है
ये ऐसा हो सकता है के आजीवन ईश्वर के सानिध्य में तो रहे लेकिन लाभ ना ले सके
मतलब नदी में होकर भी तिनका रुकावट का सोच रहा है
तो नदी में होने का आनंद कहाँ है......
तिनके को अपना दृष्टिकोण बदलना होगा
जीवन में कुछ अड़चनें रुकावटें ऐसे आती है जिनका आपके पास समाधान नहीं होता
लेकिन इसका ये अर्थ नहीं के उनका समाधान नहीं
समाधान एक सोच है
मंगलकारी सोच..
जिसका जन्म श्रद्धा विश्वास से होता
Part 3: ईश्वर की चाह नहीं, ईश्वर को चाहना है
अब तिनके को सबसे पहले
अपनी नियति को आभार करना होगा के गुरु रूप नदी मिली
जिसमें effortless बहकर यहाँ तक आ गया
और आनंद तो इसी पल का
मुझे कही जाने की चाह तो कभी थी ही नहीं ना
तो ये अनजान रुकावट जो मुझे नदी में बहने नहीं दे रही
इससे अंतर क्या
मैं गुरु प्रेम नदी में हूँ असल सौभाग्य तो ये है मेरा
इसी पल इस नदी में प्राण भी चला जाए तो अंतर क्या होगा..
मेरा लक्ष्य कभी समुद्र या हरि चरण थे ही नहीं
मुझे ईश्वर की चाह नहीं
मुझे तो ईश्वर को चाहना सीखना है यहाँ
और यही तो गुरु रूप नदी में बहते हुए सीख रहा महसूस कर रहा..
हर पल एक अलग ही आनंद है यहाँ
Part 4: तिनके की वास्तविकता और लक्ष्य से मुक्ति
तो इस पल में गुरु है बस ये आनंद है
अब यहीं इसी अवस्था में गुरु के वचनों का मान करना
गुरु का दिया मंत्र बहना है यहाँ से
ये जो भी अड़चन है ये मुझे रोक सकती है क्योंकि मैं तिनका एक देह हूँ तिनके की...
लेकिन मेरे भीतर से बहने वाले स्पंदन तो बहते रहेंगे सदा
मेरे भीतर तिनका होने की इस यात्रा में बस गुरु के भाव विचार तरेंगे रह गई
बाहर से में देह रूप तिनका दिखाई देता हूँ
लेकिन असल में तो मैं कुछ भी नहीं यहाँ
अपने गुरु के भाव विचार सोच का संकल्प हूँ सदा
और इसी दृष्टिकोण से तिनके का जीवन बदलने लगेगा
मंजिल और लक्ष्य की की मारा मारी ही नहीं है
Part 5: गुरु सिमरन और भ्रम का टूटना
क्योंकि ये पल गुरु का सिमरन
और गुरु वचनों से भरा अंतरंग ही मंजिल और लक्ष्य हैं यहाँ
तो तिनका जहां है
उसी अवस्था में आनंद गीत गाएगा
हरि चरणों का
गुरु चरणों का ध्यान करेगा
और मुस्कुराएगा
उसे कोई कठिनाई नजर ही नहीं आएगी अब
क्योंकि उसकी इंद्रियां हरि शरण हो गई अब
और ये होते ही भ्रम टूट जाएगा
जिसे वो बहुत बड़ी अड़चन मान रहा था...असल में वो सब एक भ्रम था
तिनका गुरुरूप नदी के वेग के साथ कब उसके आर पार निकल जाएगा उसे महसूस भी नहीं होगा यहाँ
ये अड़चन कठिनाई बस समय और प्रारब्ध का खेल हो सकती है...
कुछ पल के लिए होती है
सीखाती है
हंसाती है
रुलाती है
सब कुछ करती है लेकिन स्थायी नहीं होती
Part 6: गुरु की प्रसन्नता और छलांग
तिनके का मनोबल आत्मबल गुरु सिमरन से बढ़ता जाएगा
उसका ध्यान चिंतन हरि को उसके भीतर जगाएगा
क्योंकि अब हरि को जगाने के लिए कुछ है ही नहीं यहाँ
ये तो हरि के होने के अहसास के आनंद से तिनका हंस गा रहा
और ये होगा तो गुरु भी आनंद मग्न हो जाएगा
और गुरु भी तिनके के इस सफल प्रयास को देखकर खुश हो जाएगा उछल जाएगा
और जैसे ही ये होगा नदी में एक तेज वेग गुरु के आनंद नृत्य से आएगा
और वो तिनका जो एक इंच भी नहीं बह पा रहा था
वो 100 योजन की छलांग लगाता नजर आएगा
Part 7: सहज स्वीकार और गुरु कृपा
लेकिन असल में तो तिनके ने कुछ किया ही नहीं
वो तो स्थिर तटस्थ शान्त था कहीं
और हरि के होने के अहसास को जी रहा था
तो ये हुआ क्या
बस इसी को कहते है गुरु कृपा
तिनके ने सब सहज स्वीकार किया
गुरु वचनों का मान किया
गुरु रूप नदी का आनंद लिया
श्रद्धा विश्वास ही केंद्र है ये महसूस किया
और अंधविश्वास से कोसों दूर रहा
गुरुरूप नदी में गुरु के बताए मंत्र से हरि चरणों का सिमरन प्रेम से प्रेम के लिए हुआ
हरि को पाने के लिए नहीं
हरि को चाहने के लिए
हरि से कुछ नहीं चाहा
और हरि को चाहने की भी कोई जल्दी नहीं यहाँ
Part 8: भीतर का जल और समाधान
और तिनके को महसूस हुआ
के तिनका जल नहीं हो सकता तो क्या
तिनके के भीतर की तरंगे गुरु रूप ये जल ही है यहाँ
और इस दृष्टिकोण ने सब इस पल बदल दिया
मनःस्थिति बदले तो परिस्थिति बदले चरित्रार्थ हुआ
अब समस्या सूक्ष्म की हो या स्थूल की...अंतर कहाँ
ऐसे में तो इस अनजानी अड़चन से भी प्रेम हुआ
क्योंकि ये होकर भी दिखाई नहीं दे रही थी
लेकिन इस काव्य में समाधान दे गई
हम सब शायद कई बार कुछ अनजान अड़चनों
की गिरफ्त में आ जाते है
ऐसे में ये कृष्ण काव्य बस समाधान ही लाते है
और इसके लिए मिलकर चलो गुरु का शीश नवाते है
आदिशक्ति मां गायत्री की गोद में बैठकर राधे राधे गाते है
Part 9: भीतर का गुरु और अंतिम सत्य
इस पल कृष्ण मुस्कुराते है
कहते है समाधान तो बस भीतर से आते है
गुरु भीतर देखने की शक्ति बन जाते है
और गुरु ही बस एक समाधान सदा
राधे राधे शारदे जगज्जननी जगदंबा
9:07 AM
15 June 2026
4. आध्यात्मिक चिंतन बिंदु
- जीवन में आने वाली अड़चनें और रुकावटें स्थायी नहीं होतीं, वे केवल हमारा मनोबल बढ़ाने और 'भ्रम' तोड़ने का माध्यम होती हैं।
- बाहरी रुकावटों का समाधान बाहर सिर मारने में नहीं, बल्कि 'मंगलकारी सोच' और श्रद्धा-विश्वास से दृष्टिकोण को बदलने में है।
- आध्यात्मिक यात्रा का लक्ष्य ईश्वर को 'पाना' नहीं है, बल्कि ईश्वर को 'चाहना सीखना' है।
- जब साधक मंजिल की मारा-मारी छोड़कर केवल 'इस पल' में गुरु के सान्निध्य का आनंद लेता है, तो गुरु-कृपा स्वयं उसके लिए मार्ग बना देती है।
- शरीर रूपी तिनका बाहरी रुकावटों से बंध सकता है, लेकिन उसके भीतर चल रहे गुरु के भाव और विचारों की तरंगें सदा अबाध बहती रहती हैं।
- "मनःस्थिति बदले तो परिस्थिति बदले"—जब हम भीतर से गुरु के सिमरन में स्थिर हो जाते हैं, तो स्थूल या सूक्ष्म कोई भी समस्या स्वतः ही हल हो जाती है।
5. समापन
यह काव्य इस शाश्वत सत्य को स्थापित करता है कि आध्यात्मिक यात्रा में कोई भी रुकावट हमारा अंत नहीं होती। वह तो केवल हमारे दृष्टिकोण को विस्तृत करने और हमें गुरु के 'इस पल' के आनंद में पूरी तरह डुबाने के लिए आती है। जब तिनका मंजिल की चिंता छोड़कर नदी में होने मात्र का आनंद लेने लगता है, तो वही आनंद एक ऐसा वेग बनता है जो उसे हर बाधा के पार लगा देता है।
यदि आप भी अपने जीवन में किसी ऐसी अनजानी अड़चन या रुकावट का सामना कर रहे हैं जहाँ समझ न आए कि क्या करें, तो कुछ क्षण ठहरिए। बाहर की रुकावट से लड़ना छोड़कर भीतर के हरि-स्मरण में उतर जाइए। संभव है कि जो कल तक आपकी सबसे बड़ी बाधा थी, वही आज आपके आत्मबल, आनंद और गुरु-कृपा के प्रकटीकरण का सबसे बड़ा द्वार बन जाए।
6. चिंतन बिन्दु
- "तिनका बहता है और बस बहता है....लेकिन यदि नदी पर कोई बांध बंध जाए तब क्या ?..."
- "समाधान एक सोच है... मंगलकारी सोच.. जिसका जन्म श्रद्धा विश्वास से होता।"
- "मुझे ईश्वर की चाह नहीं... मुझे तो ईश्वर को चाहना सीखना है यहाँ।"
- "मंजिल और लक्ष्य की की मारा मारी ही नहीं है... क्योंकि ये पल गुरु का सिमरन।"
- "हरि को पाने के लिए नहीं... हरि को चाहने के लिए..."
- "मनःस्थिति बदले तो परिस्थिति बदले चरित्रार्थ हुआ..."
- "समाधान तो बस भीतर से आते है... गुरु भीतर देखने की शक्ति बन जाते है।"

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें